Type Here to Get Search Results !

ग्राउंड रिपोर्टर महाराष्ट्र न्यूज़

ग्राउंड रिपोर्टर महाराष्ट्र न्यूज़

सिरोंचा की लाइफ लाइन पर बढ़ता दबाव, जनता में चिंता – तत्काल हस्तक्षेप की मांग

 🚨 गोदावरी पुल पर मंडरा रहा खतरा! रोज़ाना सैकड़ो भारी ट्रकों की कतार, क्या किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है प्रशासन?

सिरोंचा की लाइफ लाइन पर बढ़ता दबाव, जनता में चिंता – तत्काल हस्तक्षेप की मांग

सिरोंचा | प्रतिनिधि 11 जुलाई 2026

             महाराष्ट्र  गडचिरोली जिले की सिरोंचा तहसील को तेलंगाना से जोड़ने वाला गोदावरी नदी पर बना पुल इन दिनों भारी वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव के कारण गंभीर चिंता का विषय बन गया है। तेलंगाना के कालेश्वर रेती घाट से रेत परिवहन के लिए प्रतिदिन 120 से अधिक भारी ट्रक पुल पर ही लंबी कतारों में खड़े दिखाई देते हैं। कई ट्रक 16 टायर वाले हैं, जबकि कुछ इससे भी बड़े मालवाहक वाहन हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे इस पुल पर कई बार ट्रकों की कतार पूरे पुल पर फैल जाती है। पुल पर लंबे समय तक इतने भारी वाहनों का खड़ा रहना उसकी संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। इसी दौरान सामान्य यातायात भी लगातार जारी रहता है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

गोदावरी पुल सिरोंचा तहसील की जीवनरेखा है। प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए तेलंगाना के अस्पतालों तक इसी मार्ग से पहुंचते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए भी यही प्रमुख संपर्क मार्ग है। यदि किसी कारण पुल को नुकसान पहुंचता है या यातायात बाधित होता है, तो सिरोंचा तहसील का संपर्क प्रभावित होने के साथ-साथ जनजीवन पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने केंद्र सरकार, महाराष्ट्र शासन, तेलंगाना शासन तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) से इस गंभीर स्थिति का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। लोगों का कहना है कि किसी संभावित अनहोनी का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि जनधन की हानि से बचा जा सके और इस महत्वपूर्ण पुल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

0 Comments