भेंडाळा की प्रस्तावित एमआईडीसी रद्द करने की मांग तेज, किसानों का बैलगाड़ियों सहित विशाल मोर्चा
चामोर्शी 22 मई 2026
संवाददाता
चामोर्शी तहसील के भेंडाळा क्षेत्र में प्रस्तावित एमआईडीसी के विरोध में गुरुवार को किसानों ने जोरदार आंदोलन किया। ‘शेतकरी बचाव जनआंदोलन समिति’ के नेतृत्व में सैकड़ों किसान बैलगाड़ियों, महिलाओं और खेत मजदूरों के साथ उपविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तुरंत रोकने की मांग की।
मोर्चे में भेंडाळा परिसर के 13 से अधिक गांवों के किसान शामिल हुए। आंदोलन को महाविकास आघाड़ी और सहयोगी दलों का समर्थन भी मिला। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित एमआईडीसी के कारण हजारों एकड़ उपजाऊ और सिंचित कृषि भूमि नष्ट हो जाएगी, जिससे किसान और खेत मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने महाराष्ट्र औद्योगिक विकास अधिनियम 1961 के तहत जारी सभी भूमि अधिग्रहण नोटिस वापस लेने की मांग की। किसानों ने कहा कि उद्योगों के लिए उपजाऊ जमीन के बजाय बंजर अथवा सरकारी भूमि का उपयोग किया जाए और स्थानीय किसानों की सहमति के बिना जमीन अधिग्रहण न किया जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।


Post a Comment
0 Comments